ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल की लंघम बस्ती में टिन के कमरे में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड और सभासदों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। डीएसबी कॉलेज के समीप लंघम बस्ती में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निजी विद्यालय में कार्यरत नरेश कुमार के टिन से बने कमरे में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

संकरी बस्ती और टिन से बने कमरे में आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में दमकल टीम का सहयोग किया।

इस दौरान नगर पालिका के सभासद साह जगाती और नितिन जाटव ने भी मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की संयुक्त मेहनत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।

बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। जिस समय यह घटना हुई, उस समय नरेश कुमार घर पर मौजूद नहीं थे।

वह अपने निजी विद्यालय में ड्यूटी पर गए हुए थे। गनीमत रही कि कमरे के अंदर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

आग लगने के कारण कमरे में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

हालांकि, आग की चपेट में आसपास के घर आने से पहले ही दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं, बस्ती में आग लगने की घटना ने संकरी आबादी और टिन से बने मकानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत श्री राम सेवक सभा ने लगाए 60 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
error: Content is protected !!