नैनीताल। पर्यावरण संरक्षण और हरित नैनीताल के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए श्री राम सेवक सभा नैनीताल की ओर से रविवार को गोल्ज्यू मंदिर, बजून के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 60 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें 30 देवदार एवं 30 तेजपत्ता के पौधे शामिल रहे। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल विधायक सरिता आर्या तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद नैनीताल की अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल उपस्थित रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में श्री राम सेवक सभा नैनीताल के अध्यक्ष मनोज साह ने कहा कि संस्था लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नैना रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने भी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए तो आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र और अधिक हरित एवं समृद्ध बन सकेगा।
कार्यक्रम में श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ‘मंटू’, उपाध्यक्ष अशोक साह, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष बिमल साह, सदस्य अतुल साह, मोहित लाल साह, हरीश सिंह राणा, ललित मोहन साह, मिथिलेश पांडे, वन बीट अधिकारी गोधन सिंह, आनंद सिंह बिष्ट, महेंद्र वर्मा, मुन्नी तिवारी, रणजीत शर्मा, संजय गुप्ता, भगवान सिंह कुंवर, राजेंद्र बोरा, प्रमोद रैकुनी, बालम सिंह, युवराज करायत, करन साह, विक्रम कनवाल, मनीष गैड़ा सहित सभा के पदाधिकारी, सदस्य, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बाल कलाकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी समाजहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि नैनीताल को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जागरूक शहर बनाने की दिशा में सार्थक योगदान दिया जा सके।


