ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बागेश्वर। जिले की कांडा तहसील के बांसतोली गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ती 47 वर्षीय कमला देवी का शव उनके घर के समीप खेत में एक पेड़ से लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने घर के पास स्थित खेत में पेड़ से एक महिला का शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल कांडा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बलवंत कम्बोज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान बांसतोली गांव निवासी 47 वर्षीय कमला देवी के रूप में हुई है, जो गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

यह भी पढ़ें :  एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में चला विशेष अभियान, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर कार्रवाई,17 वाहनों के चालान

You missed

error: Content is protected !!