ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सलेड़ी-खेरोला से खड़की-नौकुचियाताल बाईपास मोटर मार्ग के  निर्माण कार्य का किया शुभारंभ, बोले—बाईपास से ग्रामीणों और पर्यटकों की आवाजाही होगी सुगम, रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब धरातल पर उतर गई है। भीमताल ब्लॉक के सलेड़ी-खेरोला से खड़की, सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल तक प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत शुभारंभ किया। निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।

क्षेत्र के सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल के ग्रामीण लंबे समय से बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को घोड़े अथवा कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाने की मजबूरी बनी हुई थी।

नौकुचियाताल पहुंचने के लिए ग्रामीणों और पर्यटकों को भीमताल होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण भीमताल के तल्लीताल सहित मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या भी उत्पन्न होती थी। बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण से जहां ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, वहीं पर्यटकों को भी नौकुचियाताल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री से धनराशि स्वीकृत कराने के बाद शुरू हुआ काम

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा बाईपास मोटर मार्ग की मांग उनके समक्ष रखे जाने के बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राज्य योजना के अंतर्गत मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से मार्ग निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।

शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब मार्ग निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। मंत्री कैड़ा ने कहा कि यह बाईपास मार्ग क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

रोजगार के साथ जाम से भी मिलेगी राहत

निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बाईपास मोटर मार्ग बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि मार्ग बनने से ग्रामीणों के साथ-साथ पर्यटकों को भी नौकुचियाताल क्षेत्र तक पहुंचने में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि बाईपास के निर्माण से भीमताल के तल्लीताल और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। इस सड़क का लाभ केवल भीमताल विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों को मिलेगा।

गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश

मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए।

उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण, नवनिर्माण और सुधार कार्य लगातार किए जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ना और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

वहीं, बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा का धन्यवाद किया।

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य सुविधा तथा रोजगार के क्षेत्र में भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें :  ब्रेकिंग न्यूज़ : रामनगर में वांटेड चंदन सागर ने पुलिस पर झोंका ताबड़तोड़ फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

You missed

error: Content is protected !!