हल्द्वानी। जनपद में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) का कार्य शुरू हो गया है। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री Deepak Rawat ने रामपुर रोड स्थित हरिपुर रतनसिंह गांव में स्वयं खेत में पहुंचकर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया और इसकी प्रक्रिया को समझा।
इस दौरान आयुक्त ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे केंद्र सरकार की एक आधुनिक पहल है, जिसमें मोबाइल आधारित तकनीक, जियो-फेंसिंग और सैटेलाइट इमेजरी के माध्यम से खेतों में बोई गई फसलों का रियल टाइम और सटीक डेटा एकत्र किया जाता है। इसका उद्देश्य पारंपरिक सर्वे प्रणाली को बदलकर डिजिटल माध्यम से फसलों का सही आकलन करना है।
उन्होंने कहा कि इस सर्वे के माध्यम से किसानों को कई तरह के लाभ मिलेंगे। फसल बीमा का लाभ आसानी से मिल सकेगा, आपदा की स्थिति में फसलों के नुकसान का मुआवजा समय पर मिलेगा और फसलों के विपणन की बेहतर व्यवस्था संभव हो सकेगी। साथ ही, किसानों को उनकी फसलों के आधार पर समय-समय पर उचित सलाह भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
आयुक्त ने बताया कि डिजिटल सर्वे से कृषि से संबंधित सटीक और वैज्ञानिक डेटा उपलब्ध होगा, जिससे यह पता लगाया जा सकेगा कि किस क्षेत्र में कौन-सी फसल कितने रकबे में बोई गई है। इससे नीति निर्माण और मार्केटिंग रणनीति बनाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य को पूरी शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश को केंद्र सरकार से प्रोत्साहन भी मिल सके।
इस मौके पर तहसीलदार कुलदीप पांडे, राजस्व निरीक्षक अरुण देवरानी, उप निरीक्षक अरुण वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

