युवा कांग्रेस चुनाव परिणाम में कुमाऊं का दबदबा
हल्द्वानी। भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों के परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें कुमाऊं क्षेत्र से हल्द्वानी के विशाल सिंह भोजक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
उन्हें कुल 38,242 वोट मिले, जो उनकी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और युवाओं के बीच बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और युवा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हल्द्वानी समेत कुमाऊं के कई इलाकों में कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया।
विशाल सिंह भोजक की इस जीत को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह परिणाम युवाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और उनके बदलते रुझान का संकेत है।
युवा कांग्रेस के इस चुनाव ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में संगठन को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है।
वहीं, जीत के बाद विशाल सिंह भोजक ने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं और युवा साथियों की जीत है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत किया जाएगा और 2027 के चुनाव में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

