ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। सरोवर नगरी में 15 व 19 वर्षीय दो लड़कियों के लापता होने की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है।

मल्लीताल कोतवाली क्षेत्र में दोनों को बहला-फुसलाकर भगाए जाने के आरोप में अभियोग दर्ज किये गये हैं और दोनों मामलों में पुलिस ने टीमें गठित कर जांच व तलाश शुरू कर दी है।

19 वर्षीय युवती के अपहरण का आरोप मुस्लिम युवक पर और 15 वर्षीय छात्रा के अपहरण का आरोप निकटवर्ती गांव के युवक पर है।

पहली घटना में नगर क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद के स्वार निवासी फैजान फारुखी नामक युवक पर लगाया है।

महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया है।

परिजनों के अनुसार युवती दो नवम्बर से घर से लापता है। उनका कहना है कि युवक पहले भी नैनीताल आता था और स्कूल के बाहर उनकी पुत्री से मिलता था।

परिजनों को संदेह है कि युवक पहले से ही युवती को भगाने की योजना बना चुका था। पुलिस ने बताया कि तीन टीमों को युवती की तलाश में लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है।

वहीं, दूसरी घटना में नगर के हाईकोर्ट के समीप स्थित एक प्रतिष्ठित विद्यालय में कक्षा 10 में अध्ययनरत 15 वर्षीय छात्रा बुधवार सुबह ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, परंतु कक्षा में नहीं पहुँची और घर भी नहीं लौटी।

थापला मंगोली नलनी निवासी छात्रा के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर संदेह जताया कि उनकी पुत्री को खमारी (मंगोली) निवासी अर्जुन बुदलाकोटी नामक युवक अपने साथ ले गया है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान प्रारंभ कर दिया है।

संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। नगर कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि दोनों प्रकरणों में गंभीरता से जांच की जा रही है।

सभी थानों और चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है तथा युवतियों की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में पहाड़ी आर्मी का मुखानी थाने पर धरना: संस्थापक गोपाल मेहरा पर रंगदारी के आरोप को बताया साजिश
error: Content is protected !!