देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं गर्म हो गई हैं। धामी कैबिनेट में लंबे समय से चार कुर्सियां खाली पड़ी हैं, और अब इन्हें भरने के साथ-साथ मंत्रियों के विभागों में बड़े फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है।
भाजपा के सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट में नए चेहरे शामिल हो सकते हैं और कुछ मंत्रियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर बदला भी जा सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कैबिनेट विस्तार के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में है।
उनके अनुसार, “किसको रखना है और किसको हटाना है, यह केंद्र का विषय है। निश्चित तौर पर मंत्रिमंडल विस्तार कभी भी हो सकता है।” भट्ट के इस बयान ने चर्चाओं को और हवा दे दी है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद धामी कैबिनेट में खाली कुर्सियों की संख्या चार हो गई है।
इसके अलावा, प्रदर्शन के आधार पर दो मंत्रियों को बदलने की चर्चा भी सत्ता के गलियारों में जोरों पर है। माना जा रहा है कि कैबिनेट में नए चेहरे शामिल करने के साथ-साथ मंत्रियों के विभागों में भी बड़े बदलाव किए जा सकते हैं।
अब सबकी निगाहें केंद्रीय नेतृत्व पर टिकी हैं, जो इस मामले में अंतिम फैसला लेगा। देखना यह है कि क्या इस बार उत्तराखंड की धामी सरकार में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे या फिर यह चर्चाएं एक बार फिर ठंडे बस्ते में चली जाएंगी।