ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल/हल्द्वानी। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के अवसर पर जिला प्रशासन नैनीताल ने जिले के समस्त परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य एवं सफल परीक्षा की शुभकामनाएं दी हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से संयम, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अवश्य है, लेकिन इसे भय, तनाव या असहनीय दबाव का कारण नहीं बनने दिया जाना चाहिए।

परीक्षाएं ज्ञान और अभ्यास की परख होती हैं, न कि किसी छात्र के व्यक्तित्व, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम निर्णय।

उन्होंने परीक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी दिनचर्या को सरल, संतुलित और नियमित रखें। पर्याप्त विश्राम, समयबद्ध अध्ययन और स्वस्थ मानसिक स्थिति के साथ परीक्षा देने से ही वास्तविक क्षमता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन संभव हो पाता है।

अत्यधिक अंक प्राप्त करने की चिंता कई बार सहज ज्ञान और आत्मविश्वास को भी प्रभावित कर देती है, जबकि शांत और स्वाभाविक मन से किया गया प्रयास अधिक प्रभावी सिद्ध होता है।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का दबाव न बनाएं। इस समय बच्चों को भय या तनाव नहीं, बल्कि विश्वास, सहारा और स्नेह की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है और सफलता के मार्ग भी अनेक हैं, इस तथ्य को समझना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है।

अपने संदेश के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि अंक जीवन के किसी एक पड़ाव को तो निर्धारित कर सकते हैं, लेकिन जीवन की दिशा नहीं।

संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही दीर्घकालीन सफलता की मजबूत आधारशिला होती है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

You missed

error: Content is protected !!