हल्द्वानी में होनहार छात्र की आत्महत्या, CDS परीक्षा पास करने वाले 22 वर्षीय सचिन पलड़िया ने लगाई फांसी
हल्द्वानी। शहर में शनिवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पढ़ाई में बेहद मेधावी 22 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान सचिन पलड़िया पुत्र हरिश्चंद्र पलड़िया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम सभा पिन्नौरा ट्यूना गांव, छोटा कैलाश का निवासी था और वर्तमान में हल्द्वानी के छड़ैल क्षेत्र में अपने चाचा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। सचिन ने हल्द्वानी से ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की थी, जिसके बाद वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से बीए की पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, सचिन देश सेवा का सपना देखता था और इसी लक्ष्य के तहत उसने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS) की लिखित परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी। वह शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहा। हाईस्कूल परीक्षा में उसने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 23वीं रैंक हासिल की थी।
परिजनों ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सचिन को बरामदे में रखी दराज से स्टूल निकालते हुए देखा गया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। शाम तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने कुंडा तोड़कर दरवाजा खोला, जहां सचिन रस्सी के फंदे से लटका मिला। उसे तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते जवान बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और परिचितों की भारी भीड़ जुटी रही। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





