ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव के अवसर पर 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। विगत वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके दृष्टिगत इस वर्ष विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उच्चस्तरीय समीक्षा एवं समन्वय

मेले की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त समीक्षा बैठकें आयोजित की गई हैं तथा स्थलीय निरीक्षण भी किया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल द्वारा भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है।

 मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड, मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड की अध्यक्षता में भी समीक्षा बैठक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों का आकलन किया जा चुका है।

पुलिस, प्रशासन, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से एकीकृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अनुसार सभी विभागीय टीमें मेले के दौरान सक्रिय रूप से तैनात रहेंगी।

विशेष यातायात योजना लागू

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने हेतु दिनांक 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष यातायात योजना लागू* रहेगी।

इस अवधि में किसी भी श्रद्धालु को निजी वाहन से सीधे कैंची धाम मंदिर तक जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवाओं का उपयोग करना होगा।

प्रमुख पार्किंग एवं शटल व्यवस्था:-

 हल्द्वानी, काठगोदाम एवं अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं हेतु भीमताल स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल, विशेषकर विकास भवन पार्किंग निर्धारित की गई है।

 इन पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक विशेष शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

 हल्द्वानी बस स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन एवं काठगोदाम रेलवे स्टेशन से विशेष बस एवं मिनी बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी

 रामनगर एवं नैनीताल क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं हेतु मेट्रोपोल पार्किंग एवं डीएसए ग्राउंड पार्किंग निर्धारित की गई हैं

 तल्लीताल बस स्टेशन क्षेत्र से भी शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध:-

 13 जून से 16 जून 2026 तक आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।

 इन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनके माध्यम से वाहन टनकपुर होकर बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ तथा रामनगर होकर अल्मोड़ा* की ओर संचालित किए जाएंगे।

 सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु पुलिस, पैरामिलिट्री बल एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों की व्यापक तैनाती की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था में शामिल प्रमुख इकाइयां:-

एसएसबी

पीएसी

एसडीआरएफ

फायर सर्विस

बम निरोधक दस्ता (BDS)

आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS)

पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। मेले के दौरान लगभग 1500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात रहेंगे।

श्रद्धालुओं से अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि जारी यातायात योजना का पूर्णतः पालन करें तथा यात्रा से पूर्व सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जारी ट्रैफिक प्लान का अध्ययन अवश्य करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं को अंतिम चरण में शटल सेवा का ही उपयोग करना होगा। पहाड़ी मार्गों की सीमित क्षमता एवं अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत लागू की गई है।

 सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा की जाती है है कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं का पालन कर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराएं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में अमेजन स्टोर में भीषण अग्निकांड, दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

You missed

error: Content is protected !!