ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पंचाचूली बेस कैंप से लौट रहे पर्यटक बने हादसे का शिकार, धारचूला के पंपाबे क्षेत्र में हुई घटना

पिथौरागढ़। जिले के धारचूला तहसील क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।

धारचूला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में पार्किंग में खड़ी एक पर्यटक बोलेरो वाहन पर अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार सभी पर्यटक पंचाचूली बेस कैंप का भ्रमण कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन पंपाबे क्षेत्र में पार्किंग स्थल पर खड़ा था। तभी अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान टूटकर नीचे आ गिरी और सीधे बोलेरो वाहन पर जा गिरी।

हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, राहत एवं बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ घटना की जांच में जुटी हुई है।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : टकूरा-जमराड़ी मोटर मार्ग का होगा डामरीकरण; 1.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति

You missed

error: Content is protected !!