हल्द्वानी। शहर के सुभाष नगर इलाके में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम में तैनात एक इंस्पेक्टर के घर के बाहर फायरिंग कर दी गई। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर स्थित कपूर आटा चक्की के पास रहने वाले नगर निगम इंस्पेक्टर डुंगर सिंह परमार रात के समय अपने पोते के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। तभी सामने वाले घर से निकले एक व्यक्ति ने उनकी ओर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली इंस्पेक्टर के बेहद करीब से गुजरते हुए घर के कांच को चीरकर अंदर सीढ़ियों पर जाकर रुकी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पीड़ित इंस्पेक्टर के अनुसार, फायरिंग करने वाला व्यक्ति अल्मोड़ा का रहने वाला एक खड़िया कारोबारी बताया जा रहा है और उनका उससे कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है।
वहीं, कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग भोटिया पड़ाव चौकी पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।


