ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में फूड सेफ्टी की बड़ी कार्रवाई : नामी रेस्टोरेंट पर छापेमारी; पनीर-मसालों के सैंपल सील, रुद्रपुर लैब भेजे

हल्द्वानी। बढ़ती गर्मी और पर्यटन सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई बड़े रेस्टोरेंट, दुकानों और सड़क किनारे लगने वाले खाद्य ठेलों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों से पनीर, मसाले समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर सैंपलों को सील कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है।

छापेमारी के दौरान कई दुकानों और ठेलों पर साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब मिली। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

विभाग ने चेतावनी दी कि मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीजिंग समेत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजब सिंह रावत ने बताया कि पर्यटन सीजन और भीषण गर्मी के मद्देनजर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

लैब रिपोर्ट आने के बाद जिन प्रतिष्ठानों के सैंपल फेल होंगे, उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियमावली 2011 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में गुंडा एक्ट की बड़ी कार्रवाई, 7 कुख्यात अपराधी 6 माह के लिए जिला बदर
error: Content is protected !!