हल्द्वानी। कालिदास जयंती के अवसर पर हल्द्वानी स्थित आनंदा अकादमी में देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक “क्रांति गीत: वन्दे मातरम्” का भव्य मंचन किया गया। यह आयोजन संगीत नाटक अकादमी तथा सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र, नई दिल्ली (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) के सहयोग से राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इसी क्रम में देशभर के 150 स्थानों पर एक साथ नाटकों का मंचन किया गया।
करीब 40 कलाकारों की प्रस्तुति से सजे इस एक घंटे के नाटक में महाकवि कालिदास के प्रसिद्ध नाटक ‘अभिज्ञान शाकुन्तलम्’ तथा ‘वन्दे मातरम्’ से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं का प्रभावशाली मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र, नई दिल्ली के जिला स्रोत व्यक्ति डॉ. डी.एन. भट्ट और भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।
मंचन में वरिष्ठ रंगकर्मी हरीश चंद्र पांडे, घनश्याम भट्ट, राजीव कुमार शर्मा, डॉ. डी.एन. भट्ट, ललित कर्नाटक, शंभू दत्त साहिल, मनोज जोशी, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, गौरव जोशी और भास्कर भौर्याल सहित अन्य कलाकारों ने उत्तराखंड के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमिकाओं को जीवंत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन से प्रेरणा लेकर निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री मोहन पाठक ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रविशंकर शर्मा, प्रदीप बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के स्वतंत्रता सेनानी राम सिंह बिष्ट एवं जोगाराम आर्या के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। समापन पर सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में दीक्षा बिष्ट, सुशीला उप्रेती, माया बिष्ट, गौरव जोशी, ललित कर्नाटक, भास्कर भौर्याल और राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


