ब्रेकिंग न्यूज़
लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में दीक्षारम्भ कार्यक्रम, नए विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत, लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की शिरकतविश्व स्तनपान सप्ताह पर ग्राफिक एरा भीमताल का जनजागरूकता अभियान, गांव-गांव पहुंचकर माताओं को बताए स्तनपान के फायदेविजय शंखनाद रैली के वायरल वीडियो पर सुमित हृदयेश का पलटवार, बोले- ‘फेक AI वीडियो से नफरत फैलाने की कोशिश’ओखलकांडा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक खाई में गिरने से चालक की मौत; चार घायलहल्द्वानी : बायोप्सी के दौरान मरीज की संदिग्ध मौत, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
खबर शेयर करे -

विश्व स्तनपान सप्ताह पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैम्पस ने चलाया जनजागरूकता अभियान

भीमताल। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैम्पस के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत तीन दिवसीय जनजागरूकता अभियान चलाया गया। 5 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित अभियान के दौरान जागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक संपर्क, घर-घर जाकर व्यक्तिगत परामर्श और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की वैश्विक थीम “सस्टेनेबल स्टार्ट इन लाइफ के लिए स्तनपान : जो प्रभावी है, उसे मजबूत बनाएं” पर आधारित अभियान में वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित स्तनपान पद्धतियों की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य माताओं के साथ-साथ परिवार के सदस्यों को भी स्तनपान के महत्व और माताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान के तहत भीमताल-भवाली क्षेत्र के डोब ल्वेशाल गांव में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और उनके परिजनों से संवाद कर स्तनपान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। महिलाओं को बताया गया कि बच्चे के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना और जन्म के बाद शुरुआती छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देना उसके स्वास्थ्य और विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

विद्यार्थियों ने माताओं को स्तनपान की सही स्थिति और तकनीक के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही मातृ पोषण, स्तनपान के दीर्घकालिक लाभ और स्तनपान के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान स्तनपान से जुड़े विभिन्न सामाजिक भ्रम और भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया।

सामुदायिक पहुंच कार्यक्रम के तहत नर्सिंग विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर माताओं से व्यक्तिगत संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्तनपान की सही तकनीक का प्रदर्शन करते हुए माताओं की समस्याओं को समझा और आवश्यक परामर्श दिया। विद्यार्थियों ने परिवार के सदस्यों से भी अपील की कि वे प्रसव के बाद माताओं को पर्याप्त आराम, पौष्टिक आहार और भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि वे शिशु को बेहतर तरीके से स्तनपान करा सकें।

अभियान का समापन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भीमताल में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया गया। नर्सिंग विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए छह माह तक शिशु को केवल स्तनपान कराने और माताओं को परिवार की ओर से आवश्यक सहयोग दिए जाने का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को सरल और प्रभावी तरीके से स्तनपान के महत्व से अवगत कराया गया।

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मातृ देखभाल, शिशु पोषण, स्तनपान के लाभ और स्वस्थ समाज के निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

पोस्टर प्रतियोगिता में तृतीय सेमेस्टर की जाह्नवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रथम सेमेस्टर की शालिनी मेहता द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर की टीना मंडल तृतीय स्थान पर रहीं।

कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य प्रो. हंसी नेगी ने अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्तनपान मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुनिश्चित करने वाले सबसे प्रभावी और किफायती उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत आयोजित यह अभियान ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैम्पस की सामुदायिक सेवा, स्वास्थ्य संवर्धन और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नर्सिंग पेशेवर तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें :  SIR: कालाढूंगी में नोटिसों की सुनवाई तेज, प्रशासन बोला—घबराएं नहीं, समय पर जमा करें अभिलेख

You missed

error: Content is protected !!