ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

वायरल वीडियो पर सुमित हृदयेश का पलटवार, बोले- ‘फेक और AI से तैयार वीडियो के जरिए माहौल बिगाड़ रही भाजपा’

हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के दौरान धार्मिक नारों से जुड़े कथित वायरल वीडियो को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा की ओर से वीडियो को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने तीखा पलटवार किया है। विधायक ने वायरल वीडियो को फेक बताते हुए दावा किया कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और इसे एआई के जरिए तैयार किया गया है।

सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस की रैली के दौरान मौके पर कार्यकर्ताओं की ओर से ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाए जा रहे थे, लेकिन वायरल किए जा रहे वीडियो में कथित तौर पर धार्मिक नारे दिखाकर अलग माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो के जरिए लोगों को भ्रमित करने और धार्मिक भावनाएं भड़काने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि रैली के दौरान उनके द्वारा धार्मिक उद्घोष किया गया था, लेकिन उसका उद्देश्य किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नारा लगाना नहीं था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के स्वागत के दौरान उत्तराखंड की धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े गोल्ज्यू देवता और बाबा नीम करौली महाराज का उल्लेख करते हुए उनके द्वारा उद्घोष किए गए थे। उन्होंने कहा कि इसे किसी दूसरे संदर्भ में पेश करना गलत है।

सुमित हृदयेश ने भाजपा नेताओं पर वायरल वीडियो के जरिए राजनीतिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सफल रैली के बाद भाजपा में कथित तौर पर बौखलाहट और घबराहट है, जिसके चलते एआई से तैयार किए गए वीडियो का सहारा लेकर नफरत का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा इस मामले में किए गए पुतला दहन को भी राजनीतिक प्रतिक्रिया बताया। विधायक ने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई वास्तविक और गंभीर मुद्दा है तो उसे तथ्यों और प्रमाणों के साथ जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि झूठे या एडिटेड वीडियो के आधार पर राजनीति करना उचित नहीं है।

इंदिरा हृदयेश पर टिप्पणी को लेकर भी नाराजगी

सुमित हृदयेश ने अपनी दिवंगत मां और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंदिरा हृदयेश ने हल्द्वानी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और शहर के कोने-कोने में विकास कार्य कराए। उन्होंने कहा कि आज भी हल्द्वानी की जनता के दिलों में उनकी स्मृति और उनके विकास कार्य मौजूद हैं।

उन्होंने भाजपा नेताओं को व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध नीतियों, विकास और जनहित के मुद्दों तक सीमित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से राजनीतिक मर्यादा प्रभावित होती है।

‘धर्म को राजनीति का हथियार न बनाएं’

विधायक ने भाजपा पर धार्मिक भावनाओं के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि सनातन परंपरा ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और सर्वधर्म समभाव का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था को राजनीतिक विवाद का माध्यम बनाने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

सुमित हृदयेश ने भाजपा नेताओं से आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि जनता अब झूठ और नफरत की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि एआई के जरिए बनाए गए कथित वीडियो के माध्यम से जनता को लंबे समय तक गुमराह नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित, विकास और लोकतांत्रिक मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और राजनीतिक विरोधियों को भी तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

यह भी पढ़ें :  डीएम ललित मोहन रयाल की बड़ी कार्रवाई: भू-माफियाओं से मुक्त कराई 25 नाली जमीन, पीड़ित महिला को दिलाया न्याय

You missed

error: Content is protected !!