ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। निकटवर्ती कमोला कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला नहाने के बाद नंगे पांव फ्रिज का प्लग निकालने लगी। शरीर गीला होने के कारण वह बिजली की चपेट में आ गई।

पुलिस के अनुसार कमोला कॉलोनी निवासी मनोज कुमार की पत्नी तारा देवी सुबह स्नान करने के बाद फ्रिज का प्लग निकाल रही थीं। इसी दौरान उन्हें तेज करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालाढूंगी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसआई जयबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों के आग्रह पर एसडीएम की अनुमति से शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए, जहां देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बताया गया कि मृतका के पति मनोज कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तारा देवी अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और कॉलोनी में भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विद्युत उपकरण का उपयोग या उसका प्लग निकालते समय हाथ और शरीर पूरी तरह सूखा रखें तथा नंगे पांव बिजली के उपकरणों को न छुएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें :  विश्व स्तनपान सप्ताह पर ग्राफिक एरा भीमताल का जनजागरूकता अभियान, गांव-गांव पहुंचकर माताओं को बताए स्तनपान के फायदे

You missed

error: Content is protected !!