ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रेगुलेटर बदलवाने पहुंचे दो भाइयों पर गैस चूल्हे और लोहे के तवे से हमला करने का आरोप, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर शुरू की जांच

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गैस रेगुलेटर की खराबी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रेगुलेटर बदलवाने पहुंचे दो भाइयों के साथ कथित तौर पर दुकानदार, उसकी पत्नी और उनके साथियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शक्ति विहार निवासी मुक्तेश्वर यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे मयंक यादव ने 19 जून 2026 को ज्वालापुर वार्ड नंबर-6 स्थित शेखर चौहान की गैस की दुकान से सिलेंडर का रेगुलेटर खरीदा था। आरोप है कि खरीदने के बाद से ही रेगुलेटर ठीक से काम नहीं कर रहा था। कई दिनों तक परेशानी झेलने के बाद 28 जुलाई को मयंक अपने भाई रोहित यादव के साथ रेगुलेटर बदलवाने और शिकायत करने दुकान पर पहुंचे।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, रेगुलेटर बदलने की बात को लेकर दुकानदार शेखर चौहान और उसकी पत्नी वर्षा चौहान से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने फोन कर दो-तीन अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान शेखर चौहान ने दुकान में रखा गैस चूल्हा उठाकर रोहित यादव के सिर पर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। भाई को बचाने पहुंचे मयंक यादव को भी आरोपियों ने पकड़ लिया और एक युवक ने लोहे के तवे से उसके सिर पर वार कर दिया। इस हमले में मयंक के सिर पर गहरी चोट आई और उपचार के दौरान उसे आठ टांके लगाने पड़े।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। उनका कहना है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जो पुलिस जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकती है।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  किसान महासभा का हल्द्वानी में धरना,बागजाला को भूमिधरी अधिकार की मांग, आंदोलन की चेतावनी

You missed

error: Content is protected !!