ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सीसीटीवी में बस में सवार होते दिखे शिवशंकर गोस्वामी, पुलिस की टीमें कई स्थानों पर कर रहीं तलाश

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के चौफुला निवासी मेडिकल स्टोर संचालक शिवशंकर गोस्वामी पिछले दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन रविवार देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। उनकी अंतिम मोबाइल लोकेशन ऊधमसिंह नगर जिले के नगला क्षेत्र में मिलने के बाद पुलिस की एक टीम वहां भी तलाश और जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ओखलकांडा निवासी और वर्तमान में चौफुला में रहने वाले शिवशंकर गोस्वामी 31 जुलाई की सुबह करीब छह बजे घर से बरेली जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसी शाम मुखानी कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी। रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ आसपास के जंगल क्षेत्रों में भी सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की भी गहनता से जांच कर रही है।

मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि शिवशंकर गोस्वामी की अंतिम मोबाइल लोकेशन ऊधमसिंह नगर के नगला क्षेत्र में मिली है। इसी आधार पर पुलिस की एक टीम वहां जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

इधर, पति के अचानक लापता होने से उनकी पत्नी प्रियंका गोस्वामी और बच्चे बेहद परेशान हैं। रविवार को प्रियंका गोस्वामी अपने बच्चों और स्थानीय लोगों के साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के जनता दरबार में पहुंचीं और पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। इस दौरान वह भावुक होकर दो बार बेहोश हो गईं, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से फोन पर बात कर खोज अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कॉल हिस्ट्री और सीसीटीवी फुटेज दिखाए। फुटेज में शिवशंकर गोस्वामी पटेल चौक क्षेत्र से एक बस में सवार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब पुलिस इसी महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तकनीकी और मानवीय पहलुओं की जांच की जा रही है। विभिन्न संभावित स्थानों पर टीमें भेजी गई हैं और जल्द से जल्द शिवशंकर गोस्वामी का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, परिजन उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें :  काठगोदाम-दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग तेज, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात
error: Content is protected !!