ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कुमाऊं को देश की राजधानी दिल्ली से तेज और आधुनिक रेल सेवा से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग उठाई।

सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को सौंपे मांग पत्र में कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी और स्थानीय लोग दिल्ली समेत अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में तेज, समयबद्ध और आधुनिक रेल सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच कई रेल सेवाएं संचालित हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी और यात्रा अवधि यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप नहीं है। यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाए तो यात्री उसी दिन सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम को दिल्ली से वापस लौटकर रात तक काठगोदाम पहुंच सकेंगे। इससे एक ही दिन में आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे समय की बचत के साथ यात्रा भी अधिक सुविधाजनक बनेगी।

अजय भट्ट ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी। नैनीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर, रानीखेत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सांसद ने यह भी बताया कि वह इस विषय में पहले भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं तथा व्यक्तिगत रूप से भी इस मांग को उनके समक्ष रख चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र की जनभावना से जुड़ा विषय है। इसलिए केंद्र सरकार से अपेक्षा है कि जनहित को देखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

सांसद ने विश्वास जताया कि इस महत्वाकांक्षी रेल सेवा के शुरू होने से यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी तथा कुमाऊं के विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी।

यह भी पढ़ें :  लूट की फर्जी सूचना देने पर पुलिस का एक्शन, 5 हुड़दंगबाज गिरफ्तार

You missed

error: Content is protected !!