ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भवाली/नैनीताल। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली हल्द्वानी परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में बाबा नीम करौली महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने ध्यान लगाकर प्रदेश एवं जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और सुरक्षा की कामना की।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर परिसर के बाहर सड़क पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और भक्तों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस का पूरा सहयोग किया।

भंडारे के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह ने स्वयं श्रद्धालुओं और आमजन को प्रसाद वितरित किया। अधिकारियों ने सेवा भाव से लोगों के बीच प्रसाद बांटते हुए गुरु सेवा और जनसेवा का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपदवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “गुरु का आशीर्वाद मानव जीवन का सबसे बड़ा मार्गदर्शन है। गुरु चाहे धर्मगुरु हों, इष्ट गुरु हों अथवा विद्यालय के शिक्षक, सभी हमारे जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके प्रति श्रद्धा, सम्मान और उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करना हमारा सौभाग्य ही नहीं, बल्कि हमारा नैतिक कर्तव्य भी है।”

श्रद्धा, सेवा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। गुरु पूर्णिमा के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और पुलिस-जन सहयोग का सकारात्मक संदेश भी दिया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मुखानी पुलिस ने घर में हुई चोरी का किया खुलासा, ₹4.50 लाख के सोने के आभूषण बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

You missed

error: Content is protected !!