ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सीएमओ डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर बुधवार को हल्दुचौड़ और शुक्रवार को कोटाबाग में होगी जांच, गर्भवती महिलाओं के साथ अन्य मरीज भी उठा सकेंगे लाभ

नैनीताल। जनपद नैनीताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशानुसार अब प्रत्येक बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हल्दुचौड़ तथा प्रत्येक शुक्रवार को सीएचसी कोटाबाग में नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि मरीजों को समय पर और सुगमता से जांच की सुविधा मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना तथा संस्थागत प्रसव के प्रति लोगों को जागरूक करना है। नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के विकास की निगरानी के साथ-साथ संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान की जा सकेगी, जिससे आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श समय पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि यह सुविधा केवल गर्भवती महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगी। चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर अन्य मरीज भी निर्धारित दिनों में अल्ट्रासाउंड जांच का लाभ उठा सकेंगे। इससे ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें जांच के लिए दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि गर्भवती महिलाएं निर्धारित दिवस पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि नियमित अल्ट्रासाउंड सेवा से समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित होगा, अनावश्यक भागदौड़ कम होगी तथा सुरक्षित मातृत्व और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जनपद के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि आमजन को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

यह भी पढ़ें :  डीएसबी परिसर की शोध छात्रा आभा ने पीएचडी की अंतिम मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक दी, शोध में औषधीय पौधों के एंटीऑक्सीडेंट गुणों का किया अध्ययन

You missed

error: Content is protected !!