ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून घूमने आए हरियाणा के युवकों ने दी लूट की झूठी सूचना, पुलिस ने पांचों को किया गिरफ्तार

देहरादून में हरियाणा से घूमने आए पांच युवकों की एक गैर-जिम्मेदाराना हरकत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवकों ने कंट्रोल रूम में फोन कर प्रेमनगर क्षेत्र में अपने साथ लूट होने की झूठी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और शिकायतकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान मामला पूरी तरह फर्जी निकला, जिसके बाद पुलिस ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रेमनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर ने बताया कि रविवार दोपहर कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि कुछ युवकों के साथ प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की घटना हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर रवाना की गईं और आसपास के क्षेत्रों में शिकायतकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी गई।

तलाश के दौरान पुलिस धूलकोट क्षेत्र पहुंची, जहां पांच युवक सड़क पर हुड़दंग करते हुए मिले। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे हरियाणा से देहरादून घूमने आए थे और उन्होंने ही मजाक के तौर पर लूट की झूठी सूचना दी थी। जांच में उनके साथ किसी भी प्रकार की लूट की घटना नहीं हुई थी।

पुलिस ने झूठी सूचना देकर पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विरेंद्र सिंह निवासी पानीपत (हरियाणा), परमजीत, परमजीत सिंह, गुरमीत सिंह तथा रोहताश, सभी निवासी घरौंदा, जिला करनाल (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी सूचना या अफवाह फैलाने से बचें। ऐसी हरकतें न केवल पुलिस का कीमती समय और संसाधन बर्बाद करती हैं, बल्कि वास्तविक आपातकालीन घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  युवाओं के लिए खुशखबरी : UKSSSC ने सहायक लेखाकार पदों पर निकाली भर्ती
error: Content is protected !!