रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार देर शाम एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या,युवक के साथी गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल ले गए, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
काशीपुर। शहर के चीमा चौराहे के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार देर शाम एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले युवक के साथी उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गौरव धीमर, पुत्र सतीश, निवासी गांव चतरपुर मेवला, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गौरव काशीपुर के प्रतापपुर क्षेत्र में अपने नाना-नानी के घर रह रहा था।
कटोराताल चौकी प्रभारी मीना रावत ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन घायल युवक को उसके साथी पहले ही अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतक के साथियों और परिजनों से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इस संबंध में कई बार पुलिस और जनप्रतिनिधियों को शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ गए हैं। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी कारण की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


