हल्द्वानी। शहर में लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। शुक्रवार को हल्द्वानी-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार और बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार एक रिटायर्ड फौजी को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कैंटर समेत फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 47 वर्षीय शमशेर सिंह, निवासी गंगापुर कबड़वाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शमशेर सिंह हल्द्वानी से अपने घर मोटाहल्दू लौट रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर गन्ना सेंटर के पास रुद्रपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शमशेर सिंह सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर टीपी नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पिछले कुछ दिनों में ही हल्द्वानी की बरेली रोड पर हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अब हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर हुई इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बेतरतीब कट, ओवरस्पीड और भारी वाहनों की लापरवाह आवाजाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से हाईवे पर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, ओवरस्पीड पर सख्त कार्रवाई तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
लगातार हो रहे हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो और भी परिवार अपने अपनों को खो सकते हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन तेज रफ्तार पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।


