ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ऊधमसिंह नगर जिले में हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट और ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

नानकमत्ता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार 14 मार्च की रात आरोपियों ने महिलाओं के जरिए फोन कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और मिलने के बहाने नानकमत्ता के मच्छीझाला क्षेत्र में बुलाया।

जैसे ही पीड़ित अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से मौजूद महिलाओं और उनके साथियों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने पीड़ित को जबरन कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई।

साथ ही उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची गई। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और कार लूट ली।
15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम क्षेत्र में घेराबंदी कर एक हुंडई आई-10 कार को रोका। कार में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित ने चारों की पहचान कर ली।
पूछताछ के आधार पर बाद में रमन सिंह और गुरविंदर सिंह उर्फ डिम्पल को नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लूटी गई सोने की अंगूठी और नगदी भी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती और अवैध शस्त्र समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

यह भी पढ़ें :  मोटर मार्ग की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, बोले—“रोड नहीं तो वोट नहीं”, 2027 चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
error: Content is protected !!