कालाढूंगी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा भाकड़ा नदी पुल के पास उस समय हुआ, जब स्कूटी और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:13 बजे डायल 112 पर हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पिकअप वाहन और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर पाई गई, जिसमें स्कूटी सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दोनों घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने भावना रावत (20 वर्ष), निवासी चकलुवा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी घायल युवती नेहा जोशी (लगभग 20 वर्ष), निवासी लामाचौड़ की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

