ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए सीधे थाने के भीतर घुस गए,संयोग से गुलदारों ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला नहीं किया

पौड़ी। पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पौड़ी जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए सीधे रिखणीखाल थाने के भीतर घुस गए। संयोग से गुलदारों ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद कुत्ते को छोड़कर बाजार की ओर भाग निकले।
घटना शुक्रवार सुबह करीब पौने पांच बजे की बताई जा रही है। उस समय रिखणीखाल थाने में पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान हेड कांस्टेबल शंभू प्रसाद को थाने के कार्यालय परिसर में स्थित एक कक्ष से कुत्ते के कराहने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर जब वह कक्ष के भीतर पहुंचे तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर दो गुलदार मौजूद थे और वे एक कुत्ते का पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए थे।
अचानक सामने गुलदारों को देखकर हेड कांस्टेबल शंभू प्रसाद तेजी से शोर मचाते हुए कमरे से बाहर निकल आए। उनकी आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिसकर्मियों की हलचल और शोर सुनकर दोनों गुलदार भी कमरे से बाहर निकल आए और थाने से भागते हुए बाजार की दिशा में चले गए। इस दौरान किसी भी पुलिसकर्मी को गुलदारों ने नुकसान नहीं पहुंचाया।
कुत्ते का पीछा करते हुए थाने में घुसे थे गुलदार
घटना के बाद थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। हेड कांस्टेबल शंभू प्रसाद के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दोनों गुलदार एक कुत्ते का पीछा करते हुए थाने के परिसर में दाखिल हुए थे। कुत्ता जान बचाकर थाने के एक कमरे में घुस गया, जिसके पीछे दोनों गुलदार भी कमरे तक पहुंच गए।
पुलिसकर्मियों के शोर मचाने के बाद गुलदारों ने कुत्ते का पीछा छोड़ दिया और वहां से बाहर निकलकर बाजार की ओर चले गए। घटना के बाद से थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
एक दिन पहले बाजार में मवेशी को बनाया था निवाला
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में गुलदारों की सक्रियता पहले से बनी हुई है। बताया गया कि गुरुवार को ही गुलदार ने रिखणीखाल बाजार क्षेत्र में एक मवेशी को अपना निवाला बनाया था। इसके अगले ही दिन दो गुलदारों का थाने के भीतर तक पहुंच जाना चिंता का विषय बन गया है।
लगातार आबादी और बाजार क्षेत्र के आसपास गुलदारों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में भय बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार अब जंगलों तक सीमित नहीं रह गए हैं और भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। पुलिस थाना जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में गुलदारों के घुसने की घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, तड़के थाने के भीतर दो गुलदारों के पहुंचने की घटना ने पुलिसकर्मियों को भी सतर्क कर दिया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदारों की सक्रियता पर निगरानी रखने की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  कैंचीधाम के पास शिप्रा नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत,मस्ती के दौरान नदी में उतरा था युवक, गहरे पानी में डूबने से गई जान; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
error: Content is protected !!