सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई कार्रवाई, पुलिस अधिनियम के तहत ₹10 हजार का संयोजन शुल्क वसूला गया
हल्द्वानी। थाना मुखानी क्षेत्र के अंतर्गत पीली कोठी चौराहे के पास बुधवार देर रात दो गुटों के बीच विवाद होने से कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने अधीनस्थ अधिकारियों को मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अध्ययन किया तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल 20 व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों के विरुद्ध थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत सभी 20 व्यक्तियों का चालान कर कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। साथ ही, दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यदि जांच के दौरान मारपीट या अन्य किसी दंडनीय कृत्य के साक्ष्य सामने आते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि अफवाह फैलाने, विवाद उत्पन्न करने या हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


