ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की बिठोरिया नंबर-1 शाखा की ओर से मंगलवार को वित्तीय जनजागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बैंक ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक आरती बलूनी ने बैंक की विभिन्न जमा, ऋण एवं बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने और शीघ्र अपना नामांकन कराने की अपील की।

कार्यक्रम में बैंक के वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के बढ़ते उपयोग तथा उससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, सीवीवी या बैंक खाते से जुड़ी अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही से साइबर ठगी का शिकार होना पड़ सकता है, इसलिए जागरूक रहना बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और ग्राहकों ने बैंक अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं एवं डिजिटल बैंकिंग से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया।

इस अवसर पर अरुण गिरी, चंदन सिंह बिष्ट, वर्षा नयाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और बैंक ग्राहक मौजूद रहे। बैंक अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल के ग्रामीण इलाकों में विकास पर सवाल, सड़क-पानी-स्वास्थ्य को लेकर फूटा गुस्सा; 2027 चुनाव बहिष्कार तक की चेतावनी
error: Content is protected !!