ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल/ओखलकांडा। नैनीताल जनपद के ओखलकांडा विकासखंड अंतर्गत नाई से चामा चोपड़ा तक जाने वाली सड़क आज भी बदहाली का दंश झेल रही है। करीब आठ वर्ष पूर्व विधायक और सांसद निधि से इस सड़क का निर्माण कच्चे मार्ग के रूप में किया गया था, लेकिन आज तक इसका डामरीकरण नहीं हो सका है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आवागमन बार-बार बाधित होता है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान मार्ग पर मलबा और कीचड़ जमा हो जाने से सड़क बंद होने की स्थिति बन जाती है। ऐसे में प्रशासन की ओर से समय पर कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीण स्वयं श्रमदान कर सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिए मजबूर हैं।

इस सड़क पर निर्भर क्षेत्र के किसान इन दिनों आलू, मटर, बीन्स और शिमला मिर्च जैसी नकदी फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण उनकी उपज समय पर हल्द्वानी मंडी तक नहीं पहुँच पाती, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि सड़क की बदहाली सीधे उनकी आजीविका को प्रभावित कर रही है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण से जुड़े कार्यों को देखने के लिए कई प्रकृति प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता आने की इच्छा रखते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण वे यहाँ तक नहीं पहुँच पाते। इससे क्षेत्र में इको-टूरिज्म और पर्यावरणीय गतिविधियों को भी नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित, किसानों की आजीविका और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए नाई से चामा चोपड़ा तक के इस महत्वपूर्ण मार्ग का शीघ्र डामरीकरण कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

यह भी पढ़ें :  हरिद्वार में बड़ा हादसा: साथी को बचाने की कोशिश में चार किशोर कांवड़ियों की गई जान
error: Content is protected !!