ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। उत्तराखंड कांग्रेस ने शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की शनिवार को प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों की जानकारी देते हुए दावा किया कि यह रैली प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के अभियान का औपचारिक शंखनाद साबित होगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि जनसभा में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतर चुकी है और खड़गे की जनसभा के माध्यम से प्रदेश में बदलाव का संदेश दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं अपने लिए सुरक्षित विधानसभा सीट की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और जनता अब बदलाव चाहती है।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड आज पेपर लीक की राजधानी बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और बेरोजगारों के साथ लगातार धोखा हो रहा है। शैलजा ने दावा किया कि देशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और उत्तराखंड में भी जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कई विधायक और कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं और अंदरखाने असंतोष बढ़ रहा है।

प्रेस वार्ता में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि असम और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों से नाम हटाकर भाजपा ने चुनावी लाभ लेने का प्रयास किया था और अब इसी तरह की प्रक्रिया को लेकर अन्य राज्यों में भी आशंकाएं पैदा हो रही हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शनिवार को होने वाली मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा प्रदेश की राजनीति में नई दिशा तय करेगी और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचने की अपील भी की।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 7 अगस्त2026
error: Content is protected !!