कूटा के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित, मिशन ग्रीन के तहत पदम, बांज और बुरांश के पौधे लगाए गए
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शनिवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) द्वारा नव नियुक्त कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रो. पांडे को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए देवदार का पौधा भेंट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन ग्रीन के तहत डीएसबी परिसर में पदम, बांज और बुरांश सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता, ऊर्जा और खुशियां लाने का भी कार्य करता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि पौधे जीवन की ऊर्जा हैं और हरित पृथ्वी हमारी सांस्कृतिक एवं मानवीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण के लिए ऐसे कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रो. रजनीश पांडे वर्तमान में कला संकाय (डीन आर्ट्स) के डीन होने के साथ-साथ अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। इससे पूर्व वे विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर डीन साइंस प्रो. संजय पंत, पूर्व विभागाध्यक्ष भूगोल प्रो. आर.सी. जोशी, इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. नीलू लोधियाल, प्रो. आशीष तिवारी, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. दीपक पालीवाल, डॉ. जितेंद्र लोहनी, मधुसूदन, डॉ. दलीप, डॉ. पंकज भट्ट, विशाल सिंह, लीला, मोहित, भावना, कविता सहित अनेक शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


