ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रानीखेत/कमराड़ (विनायक)। मानिला देवी मंदिर प्रबंधक समिति (कमराड़/विनायक) के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने के लिए क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। कथा के दौरान पूरा परिसर भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक वातावरण से गूंजता रहा।

कथा व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य श्री राजेन्द्र प्रसाद नैलवाल ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल एवं दिव्य लीलाओं, सुदामा चरित्र तथा भक्त प्रह्लाद की प्रेरणादायी कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने से मनुष्य के पापों का नाश होता है और उसके जीवन में सुख, शांति, सद्भाव तथा आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति रस में डूबे नजर आए।

यज्ञ के मुख्य यजमान दिगम्बर दत्त जोशी ने विधि-विधान से व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं सर्वजन कल्याण की कामना की। पांचवें दिन की कथा में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं मानिला देवी मंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल के नेतृत्व में संपन्न हुईं। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और आरती का दिव्य वातावरण बना रहा।

समिति ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन भव्य धार्मिक अनुष्ठानों एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।

कथा के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कथा को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर नन्दन घुगत्याल, पूर्व ओएसडी सूबेदार बाग सिंह घुगत्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक करगेती, गोपाल दत्त, भगत बहादुर सिंह रावत, पूरन चन्द्र जोशी, सूबेदार मेजर हिम्मत सिंह अधिकारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय शहीद सैनिक विद्यालय में 6A साइड फुटबॉल टूर्नामेंट जारी, खिलाड़ियों को नशे और मोबाइल से दूर रहने का दिया संदेश
error: Content is protected !!