ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर, पैदल जा रहे दंपति की मौत; चालक फरार

रुद्रपुर। रिंग रोड पर सोमवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके से कार के कुछ टूटे हुए पार्ट्स भी बरामद किए हैं और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धर्मपुर निवासी 48 वर्षीय संतोष यादव सिडकुल स्थित एक कंपनी के प्रोडक्शन विभाग में कार्यरत थे। सोमवार देर शाम संतोष यादव अपनी 40 वर्षीय पत्नी सुनीता यादव के साथ दानपुर से धर्मपुर की ओर जा रहे थे। दोनों रिंग रोड पर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष और सुनीता उछलकर सड़क से नीचे जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से कार के कुछ पार्ट्स मिले हैं, जिनके आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार चालक तक पहुंचा जा सके।

एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से धर्मपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें :  उपनल कार्मिकों को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ का फैसला
error: Content is protected !!