हल्द्वानी। शहर के व्यस्त नया बाजार क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक महिला का पर्स झपटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी उचक्के को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। हालांकि बाद में आरोपी लोगों को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार नया बाजार क्षेत्र में एक दुकान पर काम करने वाली महिला ने अपना पर्स दुकान के काउंटर पर रखा हुआ था। इसी दौरान एक युवक मौका देखकर पर्स उठाकर तेजी से भाग निकला। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया।
पीछा करते हुए लोगों ने टेम्पू स्टैंड के पास आरोपी को दबोच लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और महिला का पर्स भी उसके कब्जे से बरामद कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब लोग आरोपी को पुलिस के हवाले करने के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसने भीड़ का फायदा उठाया और मौका देखकर वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने बाजार में लगातार बढ़ रही झपटमारी और चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।



