हल्द्वानी। सर्किट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियां, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए इसके स्थायी समाधान और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने, अलर्ट सिस्टम विकसित करने तथा वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा। साथ ही लोगों को जागरूक करने और जंगलों पर निर्भरता कम करने के उपाय भी सुझाए।
पर्यटन सीजन को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क, ट्रैफिक, पार्किंग और शटल सेवा की समय से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रामनगर, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सड़कों को गड्ढामुक्त रखने और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने 24 घंटे निगरानी, नियमित चेकिंग अभियान और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि 1 मई से आदि कैलाश यात्रा के लिए पिथौरागढ़ प्रशासन द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। साथ ही कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य 30 मई तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे तराई और भावर क्षेत्र में पेयजल संकट दूर होगा, भूजल स्तर बढ़ेगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।
इसके अलावा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा।
ग्रीष्मकाल और मानसून को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने विद्युत और पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने, सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने और सिंचाई से जुड़े कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याएं भी जानीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

