ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल के ग्रामीण क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका ने क्षेत्र के प्रधान पति पर अश्लील हरकतें, गाली-गलौज और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिक्षिका द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, बीते 3 दिसंबर को क्षेत्र निवासी जीवन सिंह जबरन स्कूल की कक्षा में घुस आया। उसने बच्चों को बाहर निकाल दिया और शिक्षिका के साथ बदसलूकी करने लगा। किसी तरह शिक्षिका ने उसे कक्षा से बाहर निकाला और घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी।

इसके बाद 8 दिसंबर को आरोपी फिर से स्कूल पहुंचा और कक्षा में घुसकर गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान उसने शिक्षिका का हाथ मरोड़ दिया। शोर-शराबा सुनकर जब बच्चे बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया।

घटना की शिकायत मंगोली पुलिस से की गई, जिसके बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा। हालांकि, आरोप है कि 13 फरवरी को आरोपी ने एक बार फिर स्कूल में घुसकर शिक्षिका के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की और बच्चों के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

मामले में कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि खुर्पाताल निवासी जीवन सिंह के खिलाफ शिक्षिका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में कार सवार चार युवकों का हंगामा: लोगों को कुचलने की कोशिश, मारपीट के बाद चार आरोपी गिरफ्तार
error: Content is protected !!