ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मिशन रामनगर अस्पताल- राहुल सिंह दरम्वाल की सीधी चेतावनी, व्यवस्था सुधारने के लिए CMS के साथ मास्टर प्लान तैयार

रामनगर। रामनगर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल अस्पताल पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. तपन शर्मा से मुलाकात कर अस्पताल में व्याप्त विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी, ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं में सुधार, साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति, पीने के स्वच्छ पानी की उपलब्धता, वाटर कूलर की व्यवस्था, रोगों की जांच सुविधाओं के विस्तार, मरीजों को मिलने वाली दवाइयों की उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था तथा अस्पताल में ऑनलाइन भुगतान प्रणाली को प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि रामनगर अस्पताल केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले हजारों मरीजों के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानियों को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इसके लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन अपने स्तर पर कई व्यवस्थागत सुधारों के लिए लगातार प्रयासरत है। डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार किया जा रहा है, वहीं पार्किंग, पेयजल, ऑनलाइन भुगतान तथा अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कार्य योजना तैयार की जा रही है।

बैठक के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि अस्पताल की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संगठन, युवा वर्ग और अस्पताल प्रशासन मिलकर एक साझा कार्ययोजना पर काम करेंगे। उद्देश्य यह रहेगा कि रामनगर अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, सुविधाजनक वातावरण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

राहुल सिंह दरम्वाल के इस जनहित अभियान को क्षेत्र के युवाओं का भी भरपूर समर्थन मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने अस्पताल से जुड़ी जमीनी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा और उनके समाधान की मांग की। युवाओं ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, मरीज सहायता व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।

गौरतलब है कि राहुल सिंह दरम्वाल लगातार रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों और सामाजिक जागरूकता के लिए युवाओं को एक मंच पर लाकर सकारात्मक दिशा देने की उनकी पहल को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, छात्रसंघ कोषाध्यक्ष संक्रांत सिंह, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष करण बिष्ट, कमलेश बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, नीरज मेहरा, महेंद्र आर्य, नीरज रावत, संजय रौतेला, अनुज अधिकारी, करण आर्य, विशाल आर्य, काकू, पारस, हिमांशु आर्य, जितेंद्र, नवीन गोस्वामी, अभय मेहरा, गौरव बिष्ट, संजय गिरी, रवि कुमार, कोमल, मनप्रीत सिंह सहित अनेक युवा एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  फतेहपुर-पीपल पोखरा में वित्तीय समावेशन अभियान, नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को किया जागरूक

You missed

error: Content is protected !!