ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ओर से वित्तीय सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से फतेहपुर और पीपल पोखरा नंबर दो में विशेष वित्तीय समावेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बैंक की ऋण, जमा और बीमा योजनाओं के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शाखा फतेहपुर की ओर से पीपल पोखरा नंबर दो में वित्तीय समावेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं काठगोदाम शाखा की ओर से वित्तीय जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नैनीताल से चारु तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे यथार्थ कास्टिंग रंगमंच के कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

काठगोदाम में आयोजित नुक्कड़ नाटक के दौरान बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक कमल वर्मा, दीपक पांडे और विनोद सनवाल सहित बैंक अधिकारी मौजूद रहे। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने और साइबर ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी

फतेहपुर में आयोजित शिविर में शाखा प्रबंधक प्रशांत कुमार ने बैंक की विभिन्न ऋण, जमा और बीमा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ समझाते हुए पात्र लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं से जुड़ने का आग्रह किया।

उन्होंने जनधन खातों की उपयोगिता और समय-समय पर री-केवाईसी कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने कहा कि सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आम लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

वित्तीय सेवाओं की पहुंच से होगा समान आर्थिक विकास

क्षेत्रीय कार्यालय के वित्तीय समावेशन विभाग के प्रमुख विनोद सनवाल ने वित्तीय समावेशन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वित्तीय सेवाओं की पहुंच जितनी व्यापक होगी, आर्थिक विकास का लाभ भी उतनी ही समानता के साथ आम लोगों तक पहुंच सकेगा।

डिजिटल बैंकिंग के साथ साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील

बैंक के वित्तीय जागरूकता सलाहकार बीडी नैनवाल ने डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल तथा इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लोगों को साइबर ठगों से विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे तरीकों से डराकर और गुमराह कर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में नहीं आने तथा ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

कार्यक्रम में बैंक सखी तोशिता बोरा, दीपक सनवाल, किरण महर, सौरभ पुंडीर, पंकज मौर्या, आशा देवी सहित बैंक के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग अपनाने और सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार ने 48 महिलाओं को दिया तीलू रौतेली व आंगनबाड़ी कार्यकर्ती अवॉर्ड, सम्मान राशि में की भारी बढ़ोतरी

You missed

error: Content is protected !!