ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

लालकुआं में नाबालिग विवाहिता का संदिग्ध मौत मामला, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

हल्द्वानी/लालकुआं। लालकुआं थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी स्थित वीआईपी गेट के पास बृहस्पतिवार देर शाम एक नाबालिग विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला।

मृतका की पहचान रिया मजूमदार (17 वर्ष 3 माह) के रूप में हुई है। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शुक्रवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच रिया का पोस्टमार्टम किया। मृतका के भाई आयूष मजूमदार ने बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के नाना विमल विश्वास ने बताया कि रिया मूल रूप से दिनेशपुर (ऊधमसिंह नगर) के कालीनगर बुक्सौरा की रहने वाली थी। पिछले वर्ष सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी जान-पहचान लालकुआं के बंगाली कॉलोनी निवासी नृपेंद्र विश्वास से हुई थी। अक्टूबर 2025 में रिया घर छोड़कर लालकुआं आ गई थी और 24 अक्टूबर 2025 को उसने परिजनों की सहमति के बिना नृपेंद्र से विवाह कर लिया था।

परिजनों के अनुसार शादी के बाद रिया लगातार अपनी मां और भाई से फोन पर संपर्क में रहती थी। कुछ दिन पहले उसने अपनी मां को बताया था कि ससुराल में उसे दहेज न लाने को लेकर ताने दिए जाते हैं। आयूष मजूमदार ने बताया कि रिया की जन्मतिथि छह अक्टूबर 2008 है और शादी के समय वह नाबालिग थी। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि रिया ने अपने कमरे में जाकर साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस संबंध में सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि विवाहिता की आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ससुराल पक्ष शव को नीचे उतार चुका था।

मृतका नाबालिग थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : क्षेत्र पंचायत कार्यालय में होली मिलन का कार्यक्रम आयोजित
error: Content is protected !!