ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

तकनीकी सर्विलांस और गुजरात पुलिस के सहयोग से हल्द्वानी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दोनों को वापस लाने के लिए टीम रवाना

हल्द्वानी। करीब डेढ़ माह पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई एक किशोरी को हल्द्वानी पुलिस ने गुजरात के जामनगर से सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी को अपने साथ ले जाने वाले किशोर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों को जामनगर स्थित एक सिनेमा हॉल से उस समय बरामद किया गया, जब वे फिल्म देखने पहुंचे थे। पुलिस की इस कार्रवाई को तकनीकी सर्विलांस और अंतरराज्यीय समन्वय की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार किशोरी के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी थी। शुरुआती जांच में पता चला कि किशोरी एक किशोर के साथ घर से गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों में संभावित ठिकानों की जांच की, लेकिन लंबे समय तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि घर से निकलने के करीब दस दिन बाद किशोर ने अपने दोनों मोबाइल फोन एक ई-कॉमर्स पोर्टल के माध्यम से बेच दिए थे। इससे पुलिस के लिए उनकी लोकेशन ट्रेस करना और भी मुश्किल हो गया। पोर्टल की गोपनीयता नीति के कारण फोन खरीदने वाले व्यक्ति की जानकारी भी पुलिस को नहीं मिल सकी, जिससे जांच की दिशा प्रभावित हुई।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस को और मजबूत किया। लगातार डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी बीच 8 अगस्त को किशोर ने एक नए मोबाइल फोन में अपनी इंस्टाग्राम आईडी लॉग इन की। सर्विलांस टीम ने तुरंत सक्रिय होकर इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े आईपी एड्रेस का विश्लेषण किया। जांच में उसकी लोकेशन गुजरात के जामनगर शहर में मिली। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर दोनों की गतिविधियों पर गुप्त निगरानी शुरू कर दी।

पुलिस को 16 अगस्त को एक महत्वपूर्ण सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि किशोर और किशोरी जामनगर के एक सिनेमा हॉल में फिल्म देखने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क स्थापित किया और संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। स्थानीय पुलिस की मदद से त्वरित अभियान चलाया गया और करीब एक घंटे के भीतर दोनों को सिनेमा हॉल से बरामद कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में किशोर के खिलाफ पहले ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। बरामदगी के बाद दोनों को हल्द्वानी लाने के लिए पुलिस टीम गुजरात रवाना कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि किशोरी के हल्द्वानी पहुंचने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे तथा चिकित्सीय और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। वहीं मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर किशोर के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस सफल कार्रवाई में तकनीकी सर्विलांस टीम, स्थानीय पुलिस और गुजरात पुलिस के समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी बदौलत लंबे समय से लापता किशोरी को सकुशल बरामद किया जा सका।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल बैंक में अधिकारियों के पदों पर भर्ती, 7 सितंबर तक करें आवेदन; वेतन 1.05 लाख रुपये तक
error: Content is protected !!