ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, अक्टूबर में संभावित परीक्षा; एक अभ्यर्थी केवल एक पद के लिए कर सकेगा आवेदन
हल्द्वानी। बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नैनीताल बैंक लिमिटेड ने विशेषज्ञ अधिकारियों (स्पेशलिस्ट ऑफिसर्स) के 41 नियमित पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 7 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन परीक्षा अक्टूबर माह में संभावित है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 48,480 रुपये से लेकर 1,05,280 रुपये तक का आकर्षक वेतनमान मिलेगा।
बैंक द्वारा 14 अगस्त को जारी अधिसूचना के अनुसार भर्ती श्रेणी-1, श्रेणी-2 और श्रेणी-3 के अंतर्गत विभिन्न विशेषज्ञ पदों के लिए की जाएगी। इनमें जोखिम अधिकारी, मानव संसाधन अधिकारी, सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी, डेटा वैज्ञानिक, सिविल इंजीनियर-कम आर्किटेक्ट, क्रेडिट मैनेजर, लॉ मैनेजर, कंपनी सेक्रेटरी, सुरक्षा अधिकारी तथा वरिष्ठ प्रबंधक स्तर के कई पद शामिल हैं।
अलग-अलग श्रेणियों के लिए अलग आयु सीमा
भर्ती प्रक्रिया में शामिल विभिन्न पदों के लिए आयु सीमा भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। श्रेणी-1 के अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 32 वर्ष रखी गई है। वहीं श्रेणी-2 के पदों के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष तथा श्रेणी-3 के लिए 25 से 38 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
पूर्णकालिक डिग्री और अनुभव अनिवार्य
बैंक ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न पदों के लिए वित्त, मानव संसाधन, कंप्यूटर विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा साइंस, विधि, सिविल इंजीनियरिंग तथा अन्य संबंधित विषयों में नियमित एवं पूर्णकालिक डिग्री आवश्यक होगी। इसके साथ निर्धारित कार्यानुभव भी अनिवार्य रहेगा। दूरस्थ शिक्षा, पत्राचार, अंशकालिक अथवा कार्यकारी एमबीए के माध्यम से प्राप्त शैक्षणिक योग्यताओं को मान्यता नहीं दी जाएगी।
वेतनमान और सेवा बंधन की शर्त
अधिसूचना के अनुसार श्रेणी-1 के अधिकारियों को 48,480 से 85,920 रुपये, श्रेणी-2 के अधिकारियों को 64,820 से 93,960 रुपये तथा श्रेणी-3 के अधिकारियों को 85,920 से 1,05,280 रुपये तक का वेतनमान दिया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति से पूर्व दो जमानतदारों के साथ तीन लाख रुपये का क्षतिपूर्ति बंधपत्र (इंडेम्निटी बॉन्ड) जमा करना होगा। साथ ही उन्हें बैंक में न्यूनतम दो वर्ष की सेवा देना अनिवार्य होगा।
200 प्रश्नों की होगी ऑनलाइन परीक्षा
भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में कुल 200 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 145 मिनट का समय निर्धारित रहेगा। परीक्षा में तर्कशक्ति (रीजनिंग), अंग्रेजी भाषा, बैंकिंग आधारित सामान्य जागरूकता, व्यावसायिक ज्ञान तथा मात्रात्मक अभिरुचि (क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड) से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे।
बैंक ने बताया है कि परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की नकारात्मक अंकन (नेगेटिव मार्किंग) लागू होगी। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए 1,500 रुपये निर्धारित किया गया है।
एक पद के लिए ही कर सकेंगे आवेदन
नैनीताल बैंक ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि एक उम्मीदवार केवल एक पद के लिए ही आवेदन कर सकेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और रुचि के अनुसार पद का चयन सावधानीपूर्वक करना होगा।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, पदवार रिक्तियों और आवेदन प्रक्रिया का विवरण बैंक की आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है। यह भर्ती बैंकिंग क्षेत्र में विशेषज्ञ पदों पर नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।










