19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
नैनीताल। नैनीताल के समीपवर्ती ज्योलीकोट क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह उसका शव घर के कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ज्योलीकोट निवासी 19 वर्षीय निखिल गंगवार मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद परिजनों ने दरवाजे की जाली से अंदर झांककर देखा तो निखिल पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम बोरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


