गरमपानी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाडली की अतिसंवेदनशील पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन के कारण बुधवार को करीब तीन घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री जाम में फंस गए।
बारिश के बाद दोपहर में हुए भूस्खलन के दौरान कुछ दूरी पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर बाइक सवार शेखर और विवेक घायल हो गए। दोनों युवक जागेश्वर से लौट रहे थे। घायलों को लेने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी से रवाना हुई 108 एंबुलेंस भी हाईवे पर लगे जाम में फंस गई। बाद में दोनों घायलों को दूसरे वाहन से सीएचसी भवाली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
स्थानीय व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम नाथ गोस्वामी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को समय रहते सूचना देने के बावजूद काफी देर तक मलबा हटाने के लिए लोडर मशीन नहीं पहुंची। इससे एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम में फंसे कई यात्रियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर स्वयं पत्थर हटाने का प्रयास भी किया। बाद में तीन लोडर मशीनें मौके पर पहुंचीं और लंबे प्रयास के बाद शाम करीब छह बजे मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया। हाईवे खुलने के बाद जाम में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।


