एक साल पहले हुई 10 लाख रुपये के गहनों की चोरी का राज आखिरकार एक इंस्टाग्राम रील की वजह से खुला
देहरादून। करीब एक साल पहले हुई 10 लाख रुपये के गहनों की चोरी का राज आखिरकार एक इंस्टाग्राम रील की वजह से खुल गया। पुलिस ने मामले में घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के गहने बरामद कर लिए हैं।
मामला जाखन क्षेत्र के भागीरथीपुरम स्थित दून रिपब्लिक अपार्टमेंट का है, जहां रहने वाली नितिशा वत्स के घर से पिछले साल सोने की दो अंगूठियां, एक सोने की चेन, हीरा जड़ा हार्ट शेप पेंडेंट और सोने का लॉकेट चोरी हो गया था।
नितिशा को शुरू से ही अपनी घरेलू सहायिका विमला देवी पर शक था, लेकिन सबूत नहीं होने के कारण उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
समय बीतने के साथ मामला ठंडा पड़ गया, लेकिन 29 जून को एक परिचित ने नितिशा को इंस्टाग्राम पर वायरल एक रील दिखाई। रील में दिख रही महिला वही गहने पहने हुए नजर आई, जो उनके घर से चोरी हुए थे। फोटो देखते ही नितिशा ने महिला की पहचान अपनी पूर्व घरेलू सहायिका विमला देवी के रूप में कर ली।
इसके बाद नितिशा ने रील और व्हाट्सएप स्टेटस के स्क्रीनशॉट सुरक्षित किए, चोरी हुए गहनों के पुराने बिल निकाले और राजपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 1 जुलाई को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी के गहने बरामद कर लिए।
यह मामला इस बात का उदाहरण बन गया कि सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए बनाई गई एक रील भी अपराध का बड़ा सबूत बन सकती है।


