ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोपी नरेश पाण्डे पर पुलिस सख्त, बाउंसरों व प्राइवेट गनरों का सत्यापन, हथियार जब्त

नैनीताल। भवाली में एक ओर शादी का झांसा देकर महिला के साथ अवैध संबंध बनाने का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर आरोपी द्वारा हथियारबंद बाउंसरों और निजी गनरों के साथ क्षेत्र में दहशत फैलाने की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला ने 14 मई 2026 को कोतवाली मल्लीताल पहुंचकर तहरीर दी कि भवाली निवासी नरेश पाण्डे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध स्थापित किए। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 के तहत धारा 351(2)/69 बीएनएस में अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है तथा पुलिस विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति तथाकथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर लोगों में भय और दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 19 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए नरेश पाण्डे के साथ चल रहे बाउंसरों और निजी गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर सत्यापन, पूछताछ और शस्त्र लाइसेंसों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि लखविंदर सिंह पुत्र बक्शी सिंह निवासी पतरामपुर, जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा अपनी सुरक्षा के लिए लिए गए लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल नरेश पाण्डे को सुरक्षा देने में किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्ति हथियार के साथ आरोपी के साथ घूमकर क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना रहा था।

शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने लखविंदर सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 30 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उसका हथियार जब्त कर लिया। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा दो बाउंसरों—

विशेष नाग पुत्र हेमराज निवासी होशियारपुर, पंजाब

मधुसूदन सिंह पुत्र नंदन सिंह निवासी सिरौली, अल्मोड़ा

के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने सभी तथाकथित बाउंसरों को राउंडअप कर सख्त पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आर्म्स एक्ट के प्रावधानों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए समाज में भय और दहशत फैलाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने साफ किया कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ हथियारबंद होकर घूमना और क्षेत्र में आतंक का माहौल बनाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध रूप से बाउंसरों, गुंडों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे अपराधियों और गुंडा तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी में फौजी के बंद घर में चोरी, लाखों के जेवर और नगदी लेकर फरार हुए चोर
error: Content is protected !!