ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तरकाशी ट्रेक पर गई नैनीताल की युवती 5 दिन से लापता, वीडियो में देंखे सेना और ITBP समेत कई एजेंसियां तलाश में जुटीं

उत्तरकाशी जिले के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई नैनीताल की एक युवती पिछले पांच दिनों से लापता है। युवती की पहचान बबीता पांडे के रूप में हुई है। उसकी तलाश के लिए सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

परिजनों के अनुसार, बबीता पांडे अपने दो दोस्तों हरमनपाल और हरमनप्रीत के साथ गढ़वाल क्षेत्र घूमने निकली थी। यात्रा के दौरान तीनों पहले हर्षिल पहुंचे और इसके बाद दयारा बुग्याल ट्रेक के लिए रवाना हुए। बबीता के भाई हर्षित पांडे ने बताया कि 29 मई की रात तीनों ट्रेकर्स रास्ते में पड़ने वाले ‘गोई’ नामक स्थान पर रुके थे और वहीं टेंट लगाकर रात बिताई थी।

दोनों साथियों के मुताबिक, अगली सुबह करीब चार बजे जब उनकी नींद खुली तो बबीता टेंट में मौजूद नहीं थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन और परिजनों को दी गई, जिसके बाद बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया गया।

लापता युवती की तलाश के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। सर्च टीमों ने ड्रोन की मदद से दयारा बुग्याल और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों की गहन तलाशी ली है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण हैं, फिर भी सभी संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है।

युवती की तलाश में सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। पहाड़ी इलाकों, जंगलों, खाइयों और ट्रैकिंग रूट के आसपास विशेष रूप से सर्च ऑपरेशन जारी है।

पांच दिन बीत जाने के बाद भी बबीता का कोई पता न चलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार ने प्रशासन से खोज अभियान और तेज करने की मांग की है।

वहीं उत्तरकाशी प्रशासन का कहना है कि युवती की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जब तक कोई सुराग नहीं मिलता, अभियान जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें :  नई एसडीएम मोनिका ने संभाला हल्द्वानी का कार्यभार, मानसून तैयारियों और शहर के विकास को बनाया प्राथमिकता

You missed

error: Content is protected !!