नैनीताल जिले के किलबरी नैना वन क्षेत्र से लापता चल रहे दयाल सिंह 53 वर्ष का शव वन विश्राम भवन के समीप नाले में मिला शव, क्षेत्र में हड़कंप मचा
रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला
नैनीताल। किलबरी नैना वन क्षेत्र से लापता चल रहे उपनल कर्मी दयाल सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उनका शव किलबरी वन विश्राम भवन के समीप एक गधेरे में मिला है।
मृतक दयाल सिंह किलबरी वन विश्राम भवन में चौकीदार के पद पर तैनात थे। बीते 5 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान वह अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। विभागीय कर्मचारियों और परिजनों ने किलबरी समेत आसपास के वन क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने मल्लीताल कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
इसी बीच किलबरी गेस्ट हाउस के पास गधेरे में उनका शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

